amit-shah

देश की केंद्रीय सत्ता के साथ-साथ सत्रह राज्यों में सरकार चलाने वाली भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज से राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर है। देश में भाजपा के विजयरथ को अविरल बढ़ाने वाले अमित शाह आज चुनावी रणनीतियों के प्रबुद्ध जानकार माने जाते हैं। उत्तरप्रदेश समेत देश के सभी बड़े सूबों में भाजपा सरकार बनाने वाले पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष ने आज राजस्थान की राजधानी जयपुर में पार्टी को और अधिक मज़बूत करने के गुर कार्यकर्ताओं को बताये। सुबह 10:30 बजे जयपुर पधारे शाह ने प्रदेश में संगठन को शिखर तक ले जाने के विचार पर दिनभर मंथन किया।

कुछ ऐसा रहा कार्यक्रम:

सुबह करीब 10:30 बजे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह जयपुर आये। यहाँ सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का भव्य स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्यों और पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने राजस्थानी परंपरा में एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद रोड शो निकाला गया।

जयपुर पहुंचने पर शाह ने किसी कार्यक्रम में भाग लेने से पहले गांधी सर्किल पर जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद अंबेडकर सर्किल पर शाह ने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किये। इस बाद शाह सीधे पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस रास्तें के बीच जवाहर सर्किल, वर्ल्ड ट्रेड पार्क के सामने, शिक्षा संकुल, गांधी सर्किल, जेडीए सर्किल, अंबेडकर सर्किल और महात्मा ज्योतिराव फुले सर्किल पर शाह का बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अमित शाह मंत्रिमंडलीय बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में शाह ने  राजस्थान में भाजपा के संगठन को और मजबूती देने के विषय पर मंत्रिमंडल सदस्यों से विमर्श किया। इस समीक्षा बैठक में अमित शाह ने प्रदेश के एक-एक मंत्री के काम का जायज़ा लिया। सभी मंत्री, विधायकों और सांसदों से शाह खुद रूबरू हुए। मंत्रियों और उनके विभागों की उपलब्धियों के विषय में चर्चाये की। शाह ने राजस्थान विधानसभा के पिछले चुनाव के दौरान सुराज संकल्प यात्रा में सरकार की ओर से किये गए वादों और घोषणाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस समीक्षा बैठक के समाप्त होने पर शाह पार्टी के प्रकोष्ठ और प्रकल्प स्तरीय कार्यकर्ताओं से मिले। आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव में पूरी लगन, मेहनत, समर्पण और निष्ठां से जुट जाने को कहा।

इसके बाद शाम 4 बजे शाह ने शहर के बिड़ला सभागार ने राज्य के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों और पार्टी पदाधिकारियों को सम्बोधित किया। शाह ने बताया कि केंद्र सरकार की 103 जनहितकारी योजनाओं से आज देश और प्रदेश के आमजन को सुविधा मिल रही है। इस कार्यक्रम में शाह खुद जाकर सभी विद्वानजनों से मिले और गणमान्य जनों का सम्मान किया।