भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी आज अपना 63 वां जन्म दिन मना रहे हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी एक सफल राजनेता हैं और लम्बे समय से जयपुर और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। खुशी के इस पल को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने यादगार बनाया। कोई 101 किलो का पुष्पहार लेकर पहुंचा तो कोई पहुंचा ढोल नगाड़े और डीजे की धुनों पर थिरक रहे है।

परनामी के आवास पर लगा रहा बधाई देने वालों का तांता

जयपुर ही नहीं प्रदेशभर से प्रमुख नेता और कार्यकर्ता का बुधवार सुबह से परनामी आवास पर जुटने शुरु हो गए थे। जयपुर शहर बीजेपी की ओर से परनामी का अभिनंदन अनोखे अंदाज में किया गया। वहीं परनामी के मुरीद एक महावत ने अपने हाथी से परनामी के गले में पुष्पों का हार डलवाया।

प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने की बधाई देने वालों से मुलाकात

घंटों खड़े रहकर परनामी हर उस शख्स से मिले जो उन्हें बधाई देने पहुंचा। सबसे पहले फोन करके अशोक परनामी को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बधाई दी। परनामी का स्वागत करने के लिए राजे सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक भी विभिन्न अंचलों से जयपुर पहुंचे और शुभकामनाएं प्रेषित की।

इन लोगों ने किया परनामी को बर्थडे विश

जयपुर के मेयर अशोक लाहोटी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को सबसे पहले बधाई देने पहुंचे। डिप्टी मेयर मनोज भारद्वाज, यूथ बोर्ड अध्यक्ष भूपेन्द्र सैनी, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चितौड़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों नरेन्द्र कटारा साथियों के साथ बधाई दी। अन्य सांसदो में जयपुर से सांसद रामचरण बोहरा, निहालचंद मेघवाल, नारायण पंचारिया समेत प्रमुख नेताओं ने परनामी को मुबारकबाद दी।

जयपुर शहर अध्यक्ष संजय जैन, जयपुर देहात अध्यक्ष डीडी कुमावत ने पुष्पों का हार पहनाया। वहीं युवा मोर्चा जयपुर शहर अध्यक्ष अरविन्द स्वामी, युवा मोर्चा जयपुर देहात अध्यक्ष अमित शर्मा की अगुवाई में सैंकड़ो युवाओं ने परनामी को बधाई दी। महिला मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा और महामंत्री एकता अग्रवाल, स्वाती परनामी, शहर अध्यक्ष कविता मलिक के साथ परनामी को बधाई देने पहुंचीं।

जन्मदिन पर हुए कई सामाजिक कार्यक्रम

जयपुर में दिन भर परनामी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम हुए। कहीं रक्तदान शिविर लगे तो कहीं पर सामाजिक सरोकारों के साथ परनामी के समर्थकों ने उनका जन्मदिन मनाया। विशेष तौर पर परनामी के निर्वाचन क्षेत्र आदर्शनगर में आयोजन हुए। परनामी के जन्मदिन कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा गया है, जो प्रमुख लोग नहीं आ सके उन्होंने फोन पर बधाई दी। इनमें प्रमुख तौर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, रेल मंत्री सुरेश प्रभु, संगठन महामंत्री रामलाल समेत प्रमुख नेताओं ने बधाई दी।