vasundhara-raje

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को भास्कर वुमन ऑफ द ईयर अवार्ड-2017 समारोह में महिलाओं को मेहनत कर अपनी इच्छाशक्ति के बल पर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि आज महिलाएं अनेक क्षेत्रों में अपना नाम कर महिलाशक्ति का झंडा बुलन्द कर रही है। जिन कार्यों और क्षेत्रों में अभी तक पुरुषों का बोलबाला रहा था, वहां भी आज महिलाओं ने अपनी पहचान बनाई है। देश में महिलाओं की सक्सेस आइकॉन मानी जाने वाली मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य की बेटियों की हरसंभव मदद का वायदा किया।

प्रदेश को पहचान दिलाने वाली महिलाओं को किया सम्मानित:

भास्कर द्वारा आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने खेती व्यवसाय से जुड़ी जोधपुर की व्यवसायी श्रीमती गायत्री राठौड़, आदिवासी क्षेत्रों में समाजसेवा व जनसेवा में जुटी ममता देवी परमार, जादूगर विधा में देश-विदेश में अपना नाम करने वाली आंचल कुमावत और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्टार पैरा एथलीट शताब्दी अवस्थी को राज्य स्तर के अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस समारोह में प्रदेश की पहली महिला न्यूरो सर्जन डॉ. रेणू खेमसरा को  भास्कर एडिटर्स च्वाइस अवॉर्ड दिया। इसके साथ ही 11 अन्य महिलाओं को भी विभिन्न वर्गों में जोनल स्तर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

दोगुनी मेहनत कर आगे बढ़ती है महिलाएं:

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने सम्बोधन में महिलाओं को हर चुनौती का डटकर सामना करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महिलाओं में सभी बाधाओं के ख़िलाफ़ लड़ने की शक्ति है और समाज की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करना तथा उनका हौंसला बढ़ाना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने सामाजिक सेवा, व्यवसाय, कला, चिकित्सा और खेल के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में अनेकों मुश्किलों का पूरी मजबूती से सामना करते हुए अपने आत्मबल और शक्ति प्रदर्शन से इस पुरुषप्रधान समाज में जो अपनी जगह बनाई है, वह अपने आप में एक मिसाल है। महिलाऐं आज जीवन के सभी क्षेत्रों में अपना सिक्का जमा चुकी है। बावजूद इसके अपने आप को साबित करने और सफलता तक पहुंचने के लिए महिलाओं को दोगुनी मेहनत करनी पड़ती है।

सरकार करेगी महिलाओं के सपने साकार:

समारोह में मुख्यमंत्री राजे ने उन महिलाओं को बधाई दी जिन्हौने राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर दुनियाभर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों में महिलाओं के परिश्रम और लगन के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ाने में उनके परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों और समाज की भी बड़ी भूमिका होती है। प्रदेश की महिलाएं इसी तरह तरक्की की राह पर आगे बढ़ती रहे, इसके लिए राज्य सरकार ने भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राजस्थान सरकार बेटियों और महिलाओं के लिए हितकारी अनेकों योजनाए संचालित कर रही है। इस समाज में महिलाओं का दर्ज़ा और बढ़ाकर उनके सपनों को साकार करने के लिए राजस्थान सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है।