मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि मातृशक्ति सबसे बड़ी शक्ति है और मातृशक्ति यानी मां के सहयोग से उपचुनाव वाले तीनों क्षेत्रों में ‘मां’  को जीत हासिल होगी। ‘मां’ (MAA) से मतलब-M से मांडलगढ़, A से अजमेर और A से अलवर। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति जिसके पास हो, वह हर क्षेत्र में जीतता है। अलवर के एक निजी होटल में महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री राजे ने यह व्याख्या की। नारी शक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा और उत्साह जागृत करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि महिलाओं को भले ही आगे बढ़ने में कितनी ही परेशानी आए, पर अपने आत्मविश्वास के बूते आगे बढ़ती जरूर हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री राजे ने अलवर ग्रामीण, रामगढ़ और राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के साथ बैठक की। वहां सभी कार्यकर्ताओं सहित अन्य ने भाजपा को अलवर उपचुनाव में जीत दिलाने का वायदा किया।

अलवर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर जसवंत यादव मैदान में हैं। यहां उनके सामने कांग्रेस के करण सिंह यादव हैं। उपचुनाव 29 जनवरी को होने हैं। अलवर के साथ अजमेर लोकसभा और माडलगढ़ विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होने हैं। परिणाम 2 फरवरी को आएंगे। आपको बता दें कि इसी साल राजस्थान में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इन दिनों मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार—प्रसार में लगी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने अजमेर व अलवर का दौरा किया है। अब मुख्यमंत्री मांडलगढ़ भीलवाड़ा विधानसभा के दौरे पर हैं।

read more: राजस्थान उपचुनाव 2018-चुनावी क्षेत्रों में एग्जिट पोल पर रहेगी रोक