news of rajasthan
Chief Minister Raje unveils statue of Avanti Bai

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राज्यपाल कल्याण सिंह बुधवार को झालावाड़ जिले के दौरे पर थे। इस दौरान मुख्यमंत्री राजे व राज्यपाल ने मनोहर थाना खेल मैदान में महारानी अवंति बाई लोधा की प्रतिमा का अनावरण किया।मुख्यमंत्री और राज्यपाल समारोह के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सीएम राजे ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है और महारानी अवंति बाई लोधा की प्रतिमा अनावरण के इस कार्यक्रम को पूरे क्षेत्र के लोग याद रखेंगे। राजे ने कहा कि पहले अति पिछड़ा माने जाने वाला मनोहरथाना क्षेत्र आज विकास की राह पर अग्रसर है। क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण से यहां कायापलट हो गई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के अति पिछडे़ एवं पिछडे़ क्षेत्रों को अग्रणी बनाने का काम हमारी सरकार पिछले चार साल से कर रही है।

news of rajasthan
Image: मुख्यमंत्री राजे ने महारानी अवंति बाई की प्रतिमा का किया अनावरण.

झालावाड़ संसदीय क्षेत्र की कायापलट में क्षेत्र के लोगों का मिला पूरा सहयोग

मुख्यमंत्री राजे ने यहां विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि झालावाड़ संसदीय क्षेत्र में जो कायापलट हुआ है उसमें क्षेत्र के लोगों का पूरा सहयोग रहा है। पिछले 30 साल से सभी ने परिवार की तरह साथ दिया है और एकजुटता ने मिसाल कायम की है। सीएम राजे ने कहा कि मनोहरथाना में आईटीआई खोली जायेगी और अकलेरा में बाढ़ के पानी की समस्या के समाधान के लिए करीब 10 करोड़ की लागत से मुख्य नाली पक्की की जायेगी। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से मनोहरथाना से अकलेरा, हरनावदा, बीनागंज और राजगढ़ को जोड़ने वाली 4 सड़कों का निर्माण कराया गया है। तीन करोड़ की लागत से मनोहरथाना हरनावदा से बारां को जोड़ने वाली जतावा पुलिया बनाई जा रही है। इसके अलावा 7 करोड़ रुपये की लागत से मनोहरथाना में सीसी रोड और 10 करोड़ की लागत से कालीखाड़़ नदी पर एक उच्च स्तरीय पुल का निर्माण करवाया गया है।

news of rajasthan
Image: महारानी अवंति बाई लोधा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए राज्यपाल कल्याण सिंह एवं मुख्यमंत्री राजे.

मनोहरथाना के 130 गांवों को मिलेगा परवन वृहद पेयजल परियोजना का लाभ

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि वर्ष 2018-19 के बजट में परवन वृहद पेयजल परियोजना की घोषणा की गई है, जिसका लाभ मनोहरथाना के 130 गांवों को मिलेगा। इसके अलावा 10 करोड़ की लागत से चुरेलिया से सन्याघाट तक 4.5 किमी सड़क एवं नेवच नदी पर विंटेज काजवे का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र में 15 किमी नई सड़के बनाने का प्रावधान भी इस बजट में किया गया है। इससे पहले राज्यपाल कल्याण सिंह एवं मुख्यमंत्री राजे ने महारानी अवंति बाई लोधा की विशाल प्रतिमा का अनावरण करते हुए सुंदर मूर्ति बनवाने के लिए लोधा समाज को बधाई दी।

Read More: कोटा: गर्मियों की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे का दो समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय

महापुरूषों को नहीं बांधा जा सकता जाति सीमाओं में: राज्यपाल

राज्यपाल कल्याण सिंह ने इस अवसर पर कहा कि महापुरूषों एवं वीरांगनाओं को स्थान विशेष एवं जाति की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता। वे सम्पूर्ण राष्ट्र की धरोहर हैं। महारानी अवंति बाई लोधा जैसी वीरांगनाओं ने विदेशी आक्रांताओं से लड़ाई लड़ी। यही वजह है कि इस देश की आत्मा को कोई विदेशी आक्रांता गुलाम नहीं बना सका। उन्होंने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मंगल पाण्डे, झांसी की रानी लक्ष्मी बाई और महारानी अवंति बाई जैसे कई वीरों एवं वीरांगनाओं ने त्याग और बलिदान की मिसाल पेश की। ऐसे व्यक्तित्वों से हमें प्रेरणा लेने की जरूरत है। राज्यपाल ने यहां मुख्यमंत्री राजे के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीएम राजे ने पिछडे़ क्षेत्रों तथा उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काफी कार्य किए हैं। राज्यपाल ने कहा कि राजे प्रदेश की सशक्त एवं लोकप्रिय मुख्यमंत्री साबित हुई हैं।