news of rajasthan
धूमधाम से मनाया क्रिसमस का त्यौहार
news of rajasthan
धूमधाम से मनाया क्रिसमस का त्यौहार

आज प्रभु यीशु का जन्मदिवस यानि क्रिसमस है। ईसाई धर्मावलंबियों के लिए आज का दिन महापर्व के तौर पर मनाया जाता है लेकिन राजस्थान में इस दिन को सभी धर्मावलंबी मनाते हैं। आज स्कूलों की छुट्टी होने के बावजूद बच्चों को क्रिसमस सेलिब्रेट करने के लिए बुलाया गया। यहां स्कूलों में सीक्रेट सेंटा जैसे कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इससे पहले, सोमवार को सुबह से ही शहर के सभी गिरजाघर (चर्च) कैरल्स सिंगिंग व बाइबल पाठों से गूंज उठे। गिरजाघरों में सुबह प्रार्थना सभाएं हुईं और उसके बाद शुरू हुआ क्रिसमस की बधाइयों का सिलसिला। ईसाई धर्मावलंबियों ने बड़े दिन पर एक दूसरे को उपहार स्वरूप खुशियां बांटी। जो इस त्यौहार को नहीं मनाते, उन्होंने भी इसमें हिस्सा लिया। रविवार से ही सजे-संवरें चर्च में कैंडल लेकर पहुंचने वालों की संख्या देखने लायक रही। आज शाम को भी यही सब देखने को मिलेगा। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और राज्यपाल कल्याण सिंह ने प्रदेशवासियों को क्रिसमस की बधाई दी है।

news of rajasthan
स्कूलों में क्रिसमस सेलिब्रेट करते नन्हें सेंटा क्लॉज

प्रदेश के सभी चर्च में सांता क्लॉज के रूप धारण किए लोगों ने बच्चों व बड़ों को उपहार बांटे। मैरी क्रिसमस की बधाइयों का सिलसिला अनवरत चलता रहा। स्कूल-कॉलेजों में बच्चों ने ड्रामा और जिंगलबैल जैसे गानों पर डांस प्रस्तुत किए व कैरल्स गाए। इस दौरान सांता क्लॉज ने कैरल्स सिंगिंग के साथ बच्चों को तरह-तरह के उपहार बांटे। क्रिसमस और पब्लिक हॉलीडे होने की वजह से बाजारों में भी खरीदारी के लिए विशेष उत्साह नजर आया। युवाओं व बच्चों में क्रिसमस के आकर्षक उपहार देने और पाने की ज्यादा होड़ देखी गई। जयपुर शहर के सेंट जेवियर, सेंट एडमंड्स, सेंट ऐंसलम और सेंट सोफिया सहित अन्य स्कूलों में भी क्रिसमस को बड़े उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया गया। इस मौके पर जयपुर के गौरव टावर में कार्टून परेड का आयोजन भी हुआ।

प्रदेश के सभी चर्च में आज के दिन विशेष प्रार्थना सभा हुई। चर्च के फादर ने प्रभु यीशु के शांति संदेश को सबके बीच बांटा। चर्च परिसर में हुई प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के साथ अन्य लोग भी शामिल हुए और कैरल्स गाकर प्रभु यीशु की आराधना की गई। इस दौरान बाजारों को क्रिसमस थीम पर सजाया गया। क्रिसमस ट्री और सेंटा क्लॉज के डेमो वर्जन ने सही मायनों में क्रिसमस का अहसास दिलाया। कई जगह क्रिसमस पार्टी का आयोजन भी किया गया है। क्रिसमस की शाम को भी चर्च में भारी संख्या में भीड़ देखी जा सकती है।

read more: 22वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2017 गुलाबी नगर में 12 जनवरी से, भव्य होगा आयोजन