vasundhara-raje

सिख सम्प्रदाय के दसवें गुरु और खालसा पंथ के प्रवर्तक गुरु गोविन्द सिंह के 350वें प्रकाश वर्ष पर्व के उपलक्ष्य में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजधानी जयपुर में आज शनिवार को 8, सिविल लाइन्स में कीर्तन दरबार का आयोजन किया। इस कीर्तन दरबार में प्रदेश के विभिन्न जिलों की सिख संगत शामिल हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री राजे ने सिख संगत को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुरू गोबिन्द सिंह जी एक महान संत, योद्धा तथा समाज सुधारक थे। गोबिंद सिंह जी की लड़ाई अधर्म, अन्याय तथा भेद-भाव के खिलाफ रही। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि सिखों के पहले गुरु नानक देवजी ने जिस आदर्श मनुष्य की कल्पना की थी, उस कल्पना का साकार रूप गुरू गोबिन्द सिंह जी है। गुरू गोबिन्द सिंह ने पूरी दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया और मानव प्रेम को ही भक्ति और उपासना का रूप माना।

धर्म की रक्षा के लिए परिवार सहित स्वयं का बलिदान दिया:

गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि धर्म के भले के लिए गुरूजी ने अपने परिवार समेत पूरे वंश का भी बलिदान दिया था। देशवासियों को अत्याचार से बचाने के लिए गुरु गोबिंद जी ने महान खालसा पंथ की स्थापना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में सामजिक समरसता बढ़ाते हुए गुरू गोबिन्द सिंह ने हमें एक-दूसरे से स्नेह रखने के साथ-साथ एक-दूसरे के ऊपर  होने वाले अन्याय का प्रतिकार करने की भी सीख दी। सभी की समानता का समर्थन करने वाले गुरु गोबिंद सिंह जी ने सभी धर्मां और जातियों के लोगों को एक बर्तन से अमृत पिला कर सदियों पुरानी जात-पात की दीवार को गिराया।

गुरुग्रंथ साहिब में वाणिया लिखने वाले भक्तों का पेनोरमा बनाएगी सरकार:

प्रदेश के सिखों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राजस्थान सरकार उन भक्तों की स्मृति में पेनोरमा विकसित कर रही है, जिन्होंने गुरू ग्रन्थ साहिब में वाणियां लिखी है। इसके लिए सरकार द्वारा गुरूद्वारा बूढ़ाजोहड़ में भगत सुक्खा सिंहजी एवं मेहताब सिंहजी के पेनोरमा और झील के सौन्दर्यकरण का काम किया जा रहा है। वहीं टोंक जिले के धुआंकलां में धन्ना भगत जी का पेनोरमा, झालावाड़ में भगत रैदास जी का पेनोरमा तथा नारायणा में गुरू गोबिन्द सिंह जी का पेनोरमा बनवाया जा रहा है। इसी के साथ मुख्यमंत्री राजे ने बताया कि राजस्थान विश्वविद्यालय में भी गुरू गोबिन्द जी के बलिदान की याद में गुरु गोबिंद महाराज पीठ स्थापित की जा रही है जिसके लिए सरकार ने 4 करोड़ रुपये आंवटित किये हैं।

प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की:

कीर्तन दरबार के पावन आयोजन में मुख्यमंत्री ने पवित्र श्री गुरू ग्रन्थ साहिब के आगे मत्था टेककर अरदास की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। कीर्तन दरबार के अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए संतो का आदर-सत्कार किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री राजे ने पटना तख्त साहिब के मुख्य जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह जी को सरोपा भेंटकर सम्मान किया। इस कीर्तन दरबार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी, राजस्थान राज्य धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत, विधायक श्री अशोक परनामी, जयपुर महापौर श्री अशोक लाहौटी, सांसद श्री रामचरण बोहरा, विधायक श्री गुरजंट सिंह, राष्ट्रीय सिख संगत के अध्यक्ष श्री गुरू चरण सिंह गिल, सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय पाल सिंह, तथा विभिन्न समाजों के साधु-संत मौजूद थे।