phed

राजस्थान सरकार के जलदाय मंत्री सुरेंद्र गोयल ने आज सोमवार को शासन सचिवालय के मंत्रालय भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में मंत्री गोयल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अब अपने कार्यक्षेत्र के प्रति गंभीर हो जाये। गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मुख्यमंत्री की बजट घोषणा, मुख्यमंत्री के क्षेत्रीय दौरों के दौरान की गई घोषणा और सुराज संकल्प की घोषणाओं को समय से पहले पूर्ण करना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारियों को भरोसा दिलाते हुए मंत्री गोयल ने कहा कि यदि घोषणा को ज़मीनी स्तर पर लागू करने में किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो उसके लिए सरकार पूरी तरह से सहयोग करेगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि देरी होती है तो अधिकारी उसका कारण जानकर उसपर बिना देर किये त्वरित कार्यवाही करने की व्यवस्था करें।

सभी योजनाएं समय रहते पूरी होगी:

जलदाय विभाग के मंत्री सुरेंद्र गोयल ने इस दौरान पिछले तीन साल में की गई सभी घोषणाओं की एक-एक प्रगति रिपोर्ट देखी। इस सम्बन्ध में गोयल ने संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत चर्चा भी की। गोयल ने बताया कि पिछले तीन साल की समयावधि में सरकार ने आमजन के हित में करीब 107 घोषणाएं की है। सरकार के अथक प्रयासों से इनमें से 37 योजनाएं आज ज़मीनी स्तर पर लागू हो चुकी है। इन योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी तरह सम्पन्न हो चुका हैं। अभी 53 घोषणाओं पर तेज़ी से काम चल रहा है। सरकार गति और गुणवत्ता से इन्हें समायावधि में पूरी करेगी। इनमें से अधिकांश घोषणाएं इस वर्ष पूरी होने वाली है। वे अभी क्रियान्वयन के लिए प्रक्रियाधीन हैं। मंत्रीं सुरेंद्र गोयल ने इस अवसर पर कहा कि लोकहितकारी सरकारी योजनाओं को अधिक गति देने व उन्हें समय पर पूरा करवाने के लिए यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई है।

मुख्यमंत्री राजे की नवाचार स्कीम्स पर की गई चर्चा:

इस समीक्षा बैठक में एस्को मॉडल, स्काडा सिस्टम, हैंडपंप अभियान, डिग्गी परियोजना, जनता जल योजना, सोलर, आरओ प्लांट, राजस्व वसूली, विशेष परियोजना, ईसरदा बांध, जल की गुणवत्ता, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, एनआरडब्ल्यू सहित कई नवाचार स्कीम्स पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। गौरतलब है कि ये सभी योजनाएं मुख्यमंत्री राजे की उन्नत एवं दूरदर्शी सोच का नतीजा है। इन योजनाओं की प्रगति से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी विभाग के प्रमुख शासन सचिव रजत कुमार मिश्र ने जलदाय मंत्री सुरेंद्र गोयल को दी। इस समीक्षा बैठक में प्रदेश के अधिकाँश भागों में लगाए गए सोलर पंप, आरओ, डीएफयू जैसे कई विषयों पर भी चर्चा की गई।