news of rajasthan
CM Raje's Mandalgarh and road shows in Ajmer.

राजस्थान में 29 जनवरी को होने जा रहे उपचुनाव में अब सिर्फ एक दिन और शेष रह गया है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन भी है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दोनों ही प्रमुख दलों के स्टार प्रचारकों का कई जगह रोड शो करने का कार्यक्रम है। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में रोड शो को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अलवर लोकसभा सीट, अजमेर लोकसभा सीट और भीलवाड़ा ​जिले की मांडलगढ़ सीट पर के लिए सोमवार को वोटिंग होनी है। 3 सीटों के लिए इस उपचुनाव में करीब 39 लाख मतदाता मतदान करेंगे।

news of rajasthan
File-Image: सीएम राजे का मांडलगढ और अजमेर में रोड शो.

मुख्यमंत्री आज मांडलगढ़ के बाद अब अजमेर में करेगी रोड शो

राजस्थान की मुख्यमंत्री और भाजपा पार्टी की स्टार प्रचारक वसुंधरा राजे उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन दो रोड शो करने जा रही है। सीएम राजे आज शनिवार सुबह हेलीकॉप्टर से भीलवाड़ा जिले की मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शक्ति सिंह हाड़ा के प्रचार के लिए बीगोद पहुंची। यहां यूडीएच मिनिस्टर श्रीचंद कृपलानी और सांसद सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री राजे की अगवानी की। भाजपा पदाधिकारियों और संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा गुलदस्ताओं से मुख्यमंत्री राजे का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम राजे ने खुली जीप में सवार होकर बीगोद शहर में रोड शो किया। ​इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह रोककर फूल-मालाओं और चूनरी ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। राजे ने इस दौरान भाजपा प्रत्याशी को वोट करने की अपील की। इसके बाद राजे ने स्थानीय भैरव नाथ मंदिर के दर्शन भी किए।

मुख्यमंत्री राजे का आज अजमेर शहर में भी रोड शो का कार्यक्रम है। वे मांडलगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा अजमेर हेलीपेड पर पहुंच चुकी हैं। हेलीपेड पर राजे का जोरदार स्वागत किया गया। अजमेर में सीएम के रोड शो को लेकर आज सुबह से ही बड़ी संख्या में मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। अजमेर में राजे के रोड शो को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी, रामकुमार भूतड़ा, मंत्री अनिता भदेल, मंत्री वासुदेव देवनानी, मंत्री किरण माहेश्वरी सहित दर्जनों नेता अजमेर कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री राजे यहां रोड शो के बाद विशाल चुनावी सभा को संबोधित करेगी। अजमेर लोकसभा क्षेत्र के दूदू में आज गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया और एसजेई मंत्री अरूण चतुर्वेदी चुनाव प्रचार पर रहेंगे।

Read More: राजस्थान उपचुनाव: सीएम राजे ने अलवर में किया रोड शो, बहरोड़ में कांग्रेस पर साधा निशाना

सचिन पायलट आज पुष्कर में कर रहे हैं रोड शो

राजस्थान कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। प्रचार के आखिरी दिन आज राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट अजमेर के ​पुष्कर में रोड शो कर रहे हैं। जिसमें उनके साथ स्टार प्रचारक के रूप में एक्टर व नेता राज बब्बर और नगमा भी रोड शो में शामिल हैं। पायलट रिजनल कॉलेज से नया बाजार तक रोड शो कर रहे हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आज अलवर में चुनावी दौरे पर हैं। गहलोत आज अलवर लोकसभा क्षेत्र के राजगढ़, मालाखेड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अशोक परनामी आज दोपहर 2.30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।