jaipur-sahpura-transformer-blast
sahpura-transformer-blast

जयपुर के शाहपुरा स्थित खातोलाई गांव में बिजली ट्रांसफार्मर फटने से 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस हादसे में करीब 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल, जयपुर के लिए रेफर कर दिया है, जहां सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार खातोलाई के पास गुर्जरों की ढाणी में शादी समारोह के दौरान भात का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान पास ही लगा बिजली का ट्रांसफार्मर मंगलवार दोपहर अचानक फट गया। ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल महिलाओं और बच्चों के ऊपर गिर गया। इससे कई महिलाओं के कपड़ों में आ लग गई। ट्रांसफार्मर के फटने के साथ ही उससे जुड़े हाईपावर बिजली के तार टूटे और लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई।

sahpura-transformer-blast
(PC: Bhaskar) जयपुर के शाहपुरा में फटा ट्रांसफार्मर.

गंभीर घायलों को किया जयपुर रेफर: स्थानीय लोगों ने घायलों को शाहपुरा के अस्पताल पहुंचाया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल हुए 22 लोगों को एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश हो गया। पुलिस के अनुसार ट्रांसफार्मर फटने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मौके पर बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। उधर विधायक फूलचंद भिंडा की सूचना पर जयपुर से बिजली निगम के एसई भी घटना स्थल के लिए रवाना हुए।

11 हजार केवी लाइन का था ट्रांसफॉर्मर: जिस ट्रांसफॉर्मर से यह हादसा हुआ वह 11 हजार केवी की लाइन का था। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में तेल का रिसाव हो रहा था। जिसकी जानकारी गांव वालों ने बिजली विभाग को दी थी, लेकिन ट्रांसफॉर्मर की रिपेयरिंग होने से पहले ही यह बड़ा हादसा हो गया। ब्लाक सीएमएचओ डॉ. विनोद योगी, अस्पताल प्रभारी डॉ. ए.एल अग्रवाल ने आस-पास की 10 एम्बुलेंस और निजी वाहनों से सभी घायलों की इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया।

jaipur-sahpura-transformer-blast
        (PC: Bhaskar) शाहपुरा स्थित खातोलाई गांव में बिजली ट्रांसफार्मर फटने से 6 लोगों की मौत.

मृतकों व घायलों में महिलाएं की संख्या ज्यादा: घर में भात कार्यक्रम के दौरान कमला अपने पीहर के लोगों का स्वागत करने की तैयारी कर रही थी। तभी यह हादसा हो गया। इस हादसे में सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे घायल हुए है। जानकारी के अनुसार मृतकों में 4 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर शाहपुरा थाना पुलिस और उच्चाधिका​री भी मौके पर पहुंचे। और एंबुलेंस और दमकल टीम को बुलाया गया।

सीएम राजे ने किया गहरा शोक व्यक्त: इस हादसे पर राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह राठौर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सहित दर्जनों नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने एमएमएस अस्पताल पहुंच कर हादसे की जानकारी ली और घायलों का हर संभव उपचार करने के निर्देश दिए। उधर विराटनगर एईएन ने कहा कि 25 केवी क्षमता के ट्रांसफॉर्मर 15 केवी का ट्रांसफॉर्मर था ऐसे में विद्युतभार से ट्रांसफॉर्मर फटने की संभावना बहुत कम है।

Read More: मुख्यमंत्री राजे ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ